शिववक्स का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
सिंधौली। झाले के पास खेत में मजदूर की संदिग्ध हालात में करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों के संदेह व्यक्त करने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी 50 वर्षीय शिवबख्श पड़ोस के गांव बहादुरपुर बराह में बलकार सिंह के झाले पर मजदूरी करते थे। बड़े बेटे जितेंद्र के मुताबिक रविवार को जब देर शाम तक उसके पिता झाले से नहीं लौटे तो उन लोगों ने तलाश शुरू की। झाला मालिक बलकार सिंह ने बताया कि शिवबख्श शाम पांच बजे ही काम करने के बाद घर निकल गए थे। इसके बाद परिजन रात में उनको तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह उनका शव झाले से करीब आधा किमी दूर सुनील के खेत के पास मिला। खेत में लोहे के तार की बाड़ लगी है। हाथ पर करंट से झुलसने का निशान भी बना था। ग्रामीणों के मुताबिक खेत में लगी तार की बाड़ में करंट छोड़ा जाता है। जितेंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वह इस मामले में तहरीर देंगे। शिवबख्श की मौत से उनकी पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवबख्श के तीन बेटे और पांच बेटियां हैं। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।