मंगलवार को कोलाघाट के पुल की मरम्मत करते मजदूर। संवाद
मिर्जापुर। कोलाघाट में दूसरे पुल के फूटे दो पैंटून मंगलवार को बदल दिए गए। वहीं, मजदूर पुल के ऊपर लगे आड़े-तिरछे स्लीपर ठीक करने में जुटे हैं। जल्द ही पुल से यातायात शुरू करने की बात कही जा रही है।
सोमवार सुबह दूसरे पैंटून पुल में लगे दो पुराने पैंटून में पानी भर गया था। इससे पुल के ऊपर लगे गर्डर और स्लीपर ऊंचे-नीचे हो गए। इसके बाद पुल से यातायात रोक दिया गया था। ठेकेदार के श्रमिक क्षतिग्रस्त पैंटून पुल की मरम्मत में पूरे दिन जुटे रहे, लेकिन बिना पैंटून बदले समस्या का निदान नहीं हो सका। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि पुल की मरम्मत का कार्य पूरा हो जाने के बाद यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।