फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटेदारों की मनमानी पर भड़के ग्रामीण, दिया धरना

Mon, 20 Jun 2016 08:16 PM IST
ब्यूरो /शाहजहांपुर
विज्ञापन
कोटेदारों की मनमानी पर भड़के ग्रामीण, दिया धरना
विज्ञापन
राशन के वितरण और नए राशन कार्ड जारी करने में कोटेदारों की मनमानी को लेकर संबंधित गांवों के ग्रामीण सोमवार को भड़क उठे। विकास खंड कांट की ग्राम पंचायत बबौरी के ग्रामीणों ने गांव के राशन विक्रेता पर कई कार्यों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट मे धरना दिया। बाद में उन्होंने एसडीएम सदर अजय तिवारी से भेंट कर उन्हें अपनी समस्या बताई। इसी ब्लॉक की ग्राम पंचायत रावतपुर और सिंधौली ब्लॉक के उमरिया गांव से आए लोगों ने भी डीएम के नाम ज्ञापन देकर कोटेदारों के क्रियाकलापों की जांच कराकर कार्रवाई की गुहार की। बबौरी के ग्रामीणों को साथ लेकर आए कृष्ण पाल सिंह ने एसडीएम सदर अजय तिवारी को शपथ पत्र सहित डीएम के नाम ज्ञापन देकर बताया कि गांव के कोटेदार द्वारा ग्रामीणों को राशन वितरित करने के बजाय ब्लैक मार्केट के हवाले किया जा रहा है। ग्राम प्रधान का रिश्तेदार होने के नाते कोटेदार राशनकार्ड धारकों से प्रधानी के चुनाव की रंजिश निकाल रहा है। एसडीएम तिवारी ने ग्रामीणों की बात सुनने के बाद उन्हें जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उनसे भेंट करने वालों में अनिल कुमार, शिशुपाल, नन्हकू, गुड्डू सिंह, राम निवास, इंस्पेक्टर सिंह आदि शामिल रहे। इसी कड़ी में रावतपुर निवासी वसीम, इखलाख, हबीब आदि ग्रामीणों ने डीएम के नाम ज्ञापन देकर राशन वितरण में धांधली की शिकायत का मनमाने तरीके से निस्तारण किए जाने का विरोध करते हुए उनसे अपने स्तर से जांच कराने का अनुरोध किया। सिंधौली क्षेत्र के उमरिया गांव से आए रामलखन, सुशीला देवी आदि ने राशनकार्ड ऑनलाइन होने के बावजूद आवश्यक वस्तुओं का वितरण नहीं कराए जाने की डीएम से शिकायत की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें