तिलहर। तहसील क्षेत्र में गर्रा और बहगुल नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से किनारे बसे एक दर्जन से अधिक गांवों तक पानी पहुंच गया है। खुदागंज क्षेत्र के गांव गाजीपुर में पानी घुसने पर तहसीलदार जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में पहुंची राजस्व टीम ने बाढ़ में घिरे नौ परिवारों के 48 लोगों को गांव से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गांव बरहा मोहब्बतपुर में गांव की एक गली में पानी घुस गया है। निगोही मार्ग पर गांव रटी के पास सड़क तक पानी पहुंच गया है।
रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से गढ़ियारंगीन क्षेत्र के गांव कुबेर गौंटिया और खारम घसा गांव को खतरा उत्पन्न हो गया है। तहसीलदार खुदागंज क्षेत्र में और नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी तिलहर ब्लाॅक क्षेत्र के गांवों के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर रहे हैं। बाढ़ से निपटने के लिए क्षेत्र में 25 चौकियां स्थापित की गई हैं। गढ़ियारंगीन क्षेत्र में बाढ़ से निपटने के लिए फर्रुखाबाद से नाव मंगाई गई है।
तहसीलदार ने बताया कि बहगुल नदी का जलस्तर बढ़ने से खुदागंज क्षेत्र के गांव गाजीपुर में पानी घुस गया, लेकिन वहां के प्रभावित लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए गए हैं। वहां डॉक्टर टीम को तैनात कर दिया गया है। बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों को दोपहर का लंच और बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की संख्या अधिक होने पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
उधर, तिलहर क्षेत्र के गांव बरहा मोहब्बतपुर में गांव के किनारे रामगंगा नदी का पानी आ गया है। प्रधान के पति अशोक गुप्ता ने बताया कि तीन दिन से लगातार नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। वहां पहुंचे नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी ने बताया कि प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कह दिया गया है। इस क्षेत्र में गांव ढकिया लगा, प्रहलादपुर, चित्ती भोजी, घनश्यामपुर, आजमाबाद, बिहारीपुर, रटा और रटी के किनारे नदी का पानी आ जाने से लोग भयभीत हैं।
9999
एक परिवार के नौ लोगों को बाहर निकाला
तिलहर। गर्रा का जलस्तर लगातार बढ़ने पर तहसील क्षेत्र के गांव राईखेड़ा में झाले पर रहने वाले एक परिवार के नौ लोग बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना पर राजस्व टीम और थाना प्रभारी विशाल प्रताप सिंह ने टीम के साथ पहुंचकर परिवार के नौ लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। संवाद