मीरानपुर कटरा। नगर पंचायत कटरा के चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के बीच की तकरार खुलकर सामने आ गई है। ईओ ने जहां वर्तमान अध्यक्ष के सहयोगी पूर्व चेयरमैन समीउश्शान खां पर कार्यालय की गोपनीयता भंग करने का आरोप लगाते हुए परिसर में घुसने से रोकने का नोटिस जारी किया है। चेयरमैन ने ईओ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
पूर्व चेयरमैन समीउश्शान खां ने गत वर्ष नगर पंचायत में शीतलहर में अलाव की लकड़ी खरीदे जाने में अनियमितताएं बरते जाने की बात कही है। उन्होंने स्थानीय निकाय निदेशक समेत कमिश्नर व डीएम से कार्रवाई की मांग की। खास यह है कि पूर्व चेयरमैन के आरोपों को वर्तमान चेयरमैन मुख्तियार अहमद मसूदी सही ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि चार अक्तूबर को नगर पंचायत के प्रधान लिपिक सुरेंद्र कुमार को आदेशों की अवहेलना और कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिए जाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई में सहयोग के लिए पूर्व चेयरमैन को अधिकृत किया था।
चेयरमैन ने बताया कि उन्होंने अशिक्षित होने के कारण पूर्व चेयरमैन को अपना सहयोगी बनाया है। पूर्व चेयरमैन ने अलाव की लकड़ी खरीद में गड़बड़ी पकड़ी। इसी मामले में प्रधान लिपिक को निलंबित किया गया। उनके सहयोगी ने इस मामले की शिकायत शासन-प्रशासन से की है। दूसरी ओर, ईओ ने पूर्व चेयरमैन पर शासकीय दायित्वों के निर्वहन में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए उनके नगर पंचायत परिसर में प्रवेश करने पर रोक लगा दी है। ईओ के अनुसार, उन्होंने उच्च अधिकारियों को मामले की रिपोर्ट भेजकर पूर्व चेयरमैन के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पूर्व चेयरमैन नगर पंचायत के कर्मचारियों को अवैध तरीके से डरा-धमकाकर कार्यालय की गोपनीयता भंग कर रहे थे।