मीरानपुर कटरा स्थित कसरक रेलवे क्रॉसिंग से गुजरते लोग। संवाद
शाहजहांपुर। ओवरब्रिज के निर्माण में कसरक रेलवे क्रॉसिंग बाधक बन रही है। इसको देखते हुए प्रशासन वैकल्पिक रास्तों की तलाश कर क्रॉसिंग को बंद कराने की तैयारी कर रहा है। संभावना है कि इसी हफ्ते क्रॉसिंग बंद हो जाएगी।
कसरक रेलवे क्रॉसिंग से रोजाना हजारों राहगीर खुदागंज से कटरा और मुख्यालय तक आते हैं, जिन्हें कसरक हाल्ट पर बनी रेलवे क्रॉसिंग से गुजरना होता है। हालांकि कसरक हाल्ट पर कोई ट्रेन रुकती नहीं है। रेलवे क्रॉसिंग की वजह से यहां पर रेलवे की ओर से गेटमैन की तैनाती की गई है। यहां पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। रेलवे क्रॉसिंग की वजह से ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है। इसको देखते हुए प्रशासन ने जल्द ही कसरक रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने का फैसला किया है। इसमें रेलवे की तरफ से भी अनुमति मिल गई है।
आवागमन के लिए चिह्नित किए गए मार्ग
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) की ओर से मैनपुरी के बेबर से पीलीभीत तक सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। वर्तमान में कटरा से खुदागंज के बीच निर्माण कार्य चल रहा है। कसरक रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर खुदागंज से बरेली की ओर से जाने वाले राहगीरों के लिए कसरक से हुलासनगरा वाला मार्ग चिह्नित किया गया है। कटरा से खुदागंज जाने वाले राहगीरों के लिए रेलवे स्टेशन से पीछे से होते गई सड़क को चिह्नित किया गया है। लोगों को लगभग तीन किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा। डीएम उमेश प्रताप सिंह का अनुमोदन मिलते ही रेलवे क्रॉसिंग बंद कर दी जाएगी।
-
कसरक रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण में दिक्कत हो रही है। इसको देखते हुए रेलवे क्रॉसिंग को बंद कराया जा रहा है। संबंधित संस्था की ओर से राहगीरों के आवागन के लिए मार्गों को चिह्नित किया जा रहा है।
- प्रवेंद्र कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट