शाहजहांपुर। पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखने के लिए विवाहिताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्व को ध्यान में रखकर बाजार भी पूरी तरह सज गया है। जहां महिलाओं के लिए ब्रांडेड साड़ियां आई हैं तो आकर्षक आभूषण भी हैं। खरीदारों की भीड़ से कारोबारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
करवाचौथ को लेकर बाजार में आभूषणों और साड़ियों की बिक्री के साथ शृंगार की हर तरह की सामग्री अच्छी खासी बिकती है। इसे देखते हुए व्यापारियों ने भी विशेष तैयारी की हैं। फिर चाहें वह ज्वैलरी के शोरूम हो, साड़ियों का कारोबार हो या फिर कॉस्मेटिक की दुकानें, सभी जगह खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं।
पारंपरिक डिजाइनर साड़ियां आई
करवाचौथ पर शहर में दो करोड़ से अधिक रुपये की साड़ियां बिकती हैं। इस बार करवाचौथ के लिए पारंपरिक डिजाइनर साड़ियों की मांग हो रही है। इसको ध्यान में रखकर साड़ियों के कारोबारियों ने माल मंगवाया है। बाजार में 500 से 50 हजार रुपये की रेंज में साड़ियां उपलब्ध हैं। बाजार में स्थित साड़ियों के शोरूम व अन्य दुकानों पर देश की प्रमुख मिलों के अलावा बनारस, जयपुर, औरंगाबाद, कोलकाता, मैसूर, बड़ोदा और सूरत की साड़ियों की विशाल रेंज देखी जा सकती है।
आभूषण महिलाओं की पहली पसंद
करवाचौथ के लिए महिलाएं आभूषणों में हार, नेकलेस, बुंदे, कंगन और अंगूठी खरीदती हैं। स्वर्ण आभूषणों के अलावा हाल के वर्षों में डायमंड और आर्टिफिशियल ज्वैलरी की मांग भी तेजी से बढ़ी है। करवा चौथ को ध्यान में रखते हुए ज्वैलर्स द्वारा सोने के गहनों पर मेकिंग चार्ज और डॉयमंड ज्वैलरी पर 10 से 20 फीसदी तक छूट दी जा रही है। ज्वैलर्स की मानें तो शहर में करवा चौथ पर करोड़ों के जेवरात बिकते हैं। इसे देखते हुए ज्वैलर्स ने मुंबई, कोलकाता, सूरत समेत अन्य शहरों से गहनों की विशेष रेंज मंगवाई है।
मिट्टी का डिजाइनर करवा और पूजा की थाली
मिट्टी के बने लेकिन गोटे से सजे करवा की मांग ज्यादा है। कांसा का करवा भी खूब बिक रहा है। मिट्टी के करवा की कीमत 20 रुपये से लेकर 50 रुपये तक है। कांसे का करवा 500 रुपये से शुरू होता है। ग्राहकों की सहूलियत के लिए दुकानदारों के पास पूजा की पूरी थाली भी उपलब्ध है। जिसकी 250 रुपये से शुरुआत है।
खरीदारी का अच्छा मौका
करवाचौथ के लिए आभूषणों की खास मांग है और बिक्री भी अच्छी है। सोने का भाव गिरने का असर भी बाजार पर है। गहने खरीदने का यह अच्छा मौका है। सोने के अलावा डायमंड ज्वेलरी भी डिमांड में है। अमन वर्मा, सर्राफा व्यापारी
आरकंजा, डोला सिल्क, नेट, सिफॉन की साड़ियों नए डिजाइन में उपलब्ध हैं जिनकी मांग हो रही है। करवाचौथ पर अच्छी कमाई होने की उम्मीद है। प्रयास रहता है कि महिलाओं को उनकी पसंद की साड़ी उपलब्ध हो जाए। - पूरन सिंह, साड़ी कारोबारी
पूजा सामग्री में साढ़ा चावल, चूड़ा के साथ ही करवा आदि की जरूरत होती है। इस बार मिट्टी के करवा को आकर्षक डिजाइन में तैयार किया गया है जो महिलाओं को पसंद आ रहे हैं। - अशोक प्रजापति, पूजा सामग्री विक्रेता
दशहरा खत्म होते ही महिलाएं साज श्रृंगार के लिए पार्लर पहुंचने लगती हैं। हर कोई खास दिखना चाहती है। मेहंदी रचाने के अलावा इस बार बॉडी पॉलिशिंग, हेयर कलरिंग, हेयर स्पॉ और फैशियल की अधिक डिमांड है। - रचना सिंह, ब्यूटी पॉर्लर संचालिका