पुवायां। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के सिलसिले में शुरू किए गए सेवा पखवाड़ा में स्वच्छता अभियान मजाक बनकर रह गया है। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता और ईओ धर्मवीर सिंह ने हर समय स्वच्छ रहने वाले देवस्थान मंदिर में सफाई के नाम पर खानापूरी की थी। बुधवार को नगर में टेलीफोन एक्सचेंज के पास चेयरमैन ने पालिका कर्मियों के साथ तालाब के पास सफाई की खानापूरी कर दी।
पुवायां में टेलीफोन एक्सचेंज के पास तालाब है। फोटो में दिख रहा है कि चेयरमैन पूरे मन से फावड़ा लेकर सफाई करने में जुटे हैं। कुछ अन्य लोग भी उनके साथ सफाई करते दिख रहे हैं। इस तालाब के पास भीषण गंदगी है। इसके अलावा नगर में कई अन्य तालाबों के पास भी गंदगी है। लाखों का टेंडर होने के बाद भी नाले, नालियां गंदगी से भरे हैं। तालाब की सफाई के नाम पर पास में बने इंटरलाकिंग मार्ग किनारे कुछ जगह पर घास छीलकर खानापूरी कर दी गई। फोटो खिंचने के बाद चेयरमैन और पालिकाकर्मी मौके से चले गए।
इस फोटो में जो जगह दिख रही हैं, बुधवार को यहीं पर तालाब के किनारे सफाई की गई थी। सफाई के बाद घास को तालाब किनारे ही डाल दिया गया और तालाब किनारे खड़ी झाड़ियां, घास आदि साफ करने की जरूरत नहीं समझी गई। सरस्वती शिशु मंदिर के पास तालाब में भारी गंदगी है। स्कूल के पास और आबादी के बीच इस तालाब में कभी सफाई की जरूरत नहीं समझी जाती है।
सरस्वती शिशु मंदिर के पास का तालाब निजी संपत्ति है। तालाब वालों के कहने पर वहां कूड़ा डाला गया था। नगर पालिका के पास अपना डंपिंग ग्राउंड है। सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत हम सफाई करके लोगों को संदेश दे रहे हैं। चाहते हैं कि लोग अपने आसपास सफाई रखें। - संजय गुप्ता, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद पुवायां
मैंने कार्यकर्ताओं के साथ गांव आवां दुगैया में अमृत सरोवर तालाब पर सफाई अभियान चलाया है। पुवायां में खानापूरी की गई है तो कार्यकर्ताओं और चेयरमैन से बात की जाएगी। - केसी मिश्रा, जिलाध्यक्ष भाजपा