सिंधौली की मॉडर्न कॉलोनी में दीपक तिवारी के घर में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत : जागरुक पाठक
सिंधौली/शाहजहांपुर। मॉडर्न कॉलोनी में एक बंद घर को बुधवार रात चोरों ने निशाना बना लिया। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद के कार्यालय प्रभारी अनिल तिवारी के भाई दीपक तिवारी के घर से चोर नकदी और ज्वेलरी समेत करीब पौने दो लाख का माल चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद विवेचना शुरू कर दी है।
सिंधौली थाना क्षेत्र की मॉडर्न कॉलोनी निवासी दीपक तिवारी नगर निगम में ठेकेदारी करते हैं। बुधवार को उनके बड़े भाई सोहनलाल तिवारी के आवास पर मुंडन संस्कार की दावत थी। इसमें शामिल हाेने के लिए वह अपने घर में ताला लगाकर परिवार के साथ चले गए थे। रात में चोर जीने का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से नकदी व ज्वेलरी चोरी कर ली। इसके अतिरिक्त अन्य कीमती चीजें भी ले गए।
सुबह पड़ोसी अखिलेश की नजर टूटी खिड़की पर पड़ी तो उन्होंने दीपक को सूचना दी। इसके बाद दीपक मौके पर पहुंचे। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। सिंधौली पुलिस ने मौका-मुआयना किया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर बताया कि चोर एलईडी टीवी, इन्वर्टर की बैटरी, सोने की दो अंगूठी, सोने की एक चेन, 10 हजार की नकदी चोरी कर ले गए हैं। थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।