शाहजहांपुर। सदर बाजार इलाके में जेल के पीछे बहादुरगंज बाजार में एक एजेंसी पर काम करने वाले युवक को एजेंसी स्वामी ने रविवार दोपहर बाद घायल अवस्था में जिला अस्पताल में छोड़ दिया। यहां युवक की मौत हो गई। परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, अभी तहरीर नहीं दी गई है। महानगर की तुलसी कॉलोनी में रहने वाले हरीशंकर का 20 वर्षीय पुत्र अमन सक्सेना जिला जेल के पीछे बहादुरगंज में एक किराना एजेंसी पर नौकरी करता था। अमन के भाई शिवम का कहना है कि रविवार शाम करीब चार बजे अमन का दोस्त अंकित घर पर आया। उसने अंकित को करंट लगने की बात कही। इसके बाद उसके परिवार वाले अस्पताल पहुंचे। यहां पता लगा कि अमन की मौत हो चुकी है। शिवम का आरोप है कि उसके भाई के सिर में गंभीर चोट है। शरीर पर भी चोट के निशान हैं। उसके भाई को लावारिस हालत में अस्पताल में छोड़ दिया गया। एजेंसी स्वामी ने घर पर भी कोई सूचना नहीं दी। उसकी हत्या की गई है। हालांकि, देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को मृतक के परिवार वालों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।