खुटार। नगर के पश्चिमी गढ़ी तालाब में अवैध कब्जे की जांच पूरी हो गई लेकिन आठ दिन बाद भी मामले में कार्रवाई नहीं की गई है। ईओ और लिपिक एसडीएम का आदेश मिलने से इन्कार कर रहे हैं। उधर, अवैध कब्जा करने वाले नगर पंचायत कर्मी ने कार्रवाई के डर से पिलर हटवा दिए, लेकिन तालाब की जगह से नींव नहीं हटवाई।
सरकारी तालाब के किनारे की जगह पर पहले से ही तमाम लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। नगर पंचायत के कर्मचारी रजनीश पांडे ने तालाब की जगह पर नींव भरवाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। जानकारी होने पर एसडीएम ने ईओ को निर्माण कार्य रुकवाने और नायब तहसीलदार अमित सिंह को जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। जांच में शिकायत सही पाई गई। नायब तहसीलदार ने जांच रिपोर्ट 24 जनवरी को एसडीएम को सौंप दी थी और निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
एसडीएम ने इस मामले में कर्मचारी पर कार्रवाई के आदेश दिए थे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कुछ दिन बाद फिर से अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और धीरे-धीरे तालाब की जगह पर कब्जा हो जाएगा।
नायब तहसीलदार की ओर से की गई जांच की रिपोर्ट मिली थी। अवैध निर्माण हटवाने और कर्मचारी पर कार्रवाई के लिए ईओ को आदेश भेजा गया है।
संजय पांडेय, एसडीएम पुवायां
तालाब की भूमि पर निर्माण रुकवाकर अवैध निर्माण हटवा दिया गया है। एसडीएम का कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
-सतेंद्र प्रकाश, ईओ, नगर पंचायत, खुटार