पुवायां। गेहूं के ज्यादा दाम तय करने के बाद कई मदों में कटौती कर प्रति क्विंटल 60 रुपये कम देने के मामले में टीम ने शुक्रवार को राइस मिल पहुंचकर जांच की। टीम शनिवार को अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेगी।
एक राइस मिल स्वामी ने गेहूं का मूल्य 2280 रुपये प्रति क्विंटल तय करने के बाद किसानों से गेहूं खरीद लिया। भुगतान नकद देने का वायदा किया गया, लेकिन भुगतान के समय नकद राशि लेने पर कुल मूल्य में एक प्रतिशत कटौती कर दी। जिसके बाद किसानों को प्रति क्विंटल 2220 रुपये ही मिल सके।
गांव रामपुर कलां के शिवाकांत आदि ने मामले की शिकायत की थी। किसानों ने यह भी आरोप लगाया था कि केंद्र के नाम पर राइस मिल में गेहूं खरीद की जा रही है और रेट 2220 रुपये का दिया जा रहा है। एसडीएम संजय कुमार पांडे ने मंडी सचिव विक्रम वाजपेयी और क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रंजना सिंह की टीम गठित कर जांच के आदेश दिए थे। शुक्रवार को दोनों अधिकारी राइस मिल पहुंचे और अभिलेख चेक किए। किसान की शिकायत पर मिल स्वामी से बयान भी लिए गए। उधर शिवाकांत ने बताया कि उनसे किसी अधिकारी ने संपर्क नहीं किया है। उनके भी बयान दर्ज किए जाने चाहिए। वह टीम को साक्ष्य भी सौंपेंगे।
टीम जांच के लिए राइस मिल गई थी। जांच रिपोर्ट शनिवार को मिलेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संजय पांडेय, एसडीएम पुवायां