शाहजहांपुर। कोरोना काल के बाद से जिले में संचालित तीन पाॅलिटेक्निक कॉलेजों में हर वर्ष सीटें रिक्त जा रहीं हैं। छात्रों का रुझान बढ़ाने और सीटों को भरने के लिए जिम्मेदारों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2024-25 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऐसे में पॉलिटेक्निक की ओर से इंटर कॉलेजों में अभियान चलाकर छात्रों को जागरूक किया जा रहा है।
कभी राजकीय पाॅलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश के लिए होड़ रहती थी। कोर्स पूरा होने के बाद नौकरी की गारंटी होती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं रहा। सरकारी क्षेत्रों में नौकरी के अवसर कम हुए। इस कारण छात्रों का रुझान पॉलिटेक्निक के प्रति कम हो रहा है। ऐसे में पॉलिटेक्निक की ओर से अभियान चलाकर इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि राजकीय पॉलिटेक्निक में प्रवेश लेकर डिप्लोमा के बाद नौकरी प्राप्त करने में आसानी रहती है। इस बार 29 फरवरी तक पॉलिटेक्निक की वेबसाइट पर जाकर आवेदन किए जा सकते हैं। परीक्षा के आधार पर चयन होने के बाद अभ्यर्थी कोई भी डिप्लोमा कोर्स कर इंजीनियर बन सकते हैं।
यह कोर्स किए जा रहे संचालित
जिले में तीन राजकीय पॉलिटेक्निक संचालित हैं। शहर में स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में संचालित डिप्लोमा ब्रांच सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग हैं। इसमें कुल 403 सीट हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक पुवायां में संचालित डिप्लोमा ब्रांच इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, कारपेट टेक्नोलॉजी में 225 और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक तिलहर में संचालित डिप्लोमा ब्रांच कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 225 सीटें हैं, जिन पर प्रवेश लिया जाएगा।
पहले ऑफलाइन होती थी परीक्षा
- वर्ष 2019 के पहले संयुक्त प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन होती थी। कोरोना के समय से हर वर्ष प्रवेश के लिए ऑनलाइन परीक्षा होने लगी। जिले के जो भी छात्र इस वर्ष पाॅलिटेक्निक परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अगर इसमें उन्हें कोई दिक्कत आ रही हो तो कॉलेज परिसर में एक हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। यहां आकर आवेदन भी ऑनलाइन किया जा सकेगा।
प्रदेश के सभी राजकीय, अनुदानित एवं निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सत्र 2024-25 के लिए प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा 16 से 22 मार्च के मध्य होगी। इसके लिए आवेदन जनवरी से ही प्रारंभ हो गए हैं।
- आलोक श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक शाहजहांपुर।