शाहजहांपुर। दिवाली पर आतिशबाजी बिक्री के अस्थायी लाइसेंस आसानी से नहीं मिलेंगे। यदि कोई व्यक्ति आतिशबाजी की अवैध बिक्री अथवा उसके भंडारण में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। डीएम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर अधिकारियों को आतिशबाजी के लाइसेंस पूरी सावधानी के साथ जारी रखने के निर्देश दिए।
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि आतिशबाजी बिक्री को चयनित स्थल पर अग्निकांड की आशंका मिटाने को पर्याप्त प्रबंध कर लें। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को दिवाली पर सभी सीएचसी और पीएचसी पर कर्मचारियों की उपस्थिति और उपचार के जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए। छठ पूजा का उल्लेख करते हुए डीएम ने अधिकारियों को इसके लिए भी प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को लोधीपुर में खन्नौत नदी के घाट की सीढ़ियां ठीक कराने, लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए रस्सी लगाने और छठ पूजा के दौरान गोताखोरों के साथ नावों का भी प्रबंध करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि दिवाली पर कलेक्ट्रेट में जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम संचालित रहेगा, जिसके टेलीफोन नंबर 05842-220017, 05842-220018, 05842-220019 हैं। इस मौके पर एसपी एस आनंद ने पुलिस विभाग द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। बैठक में एडीएम प्रशासन राम सेवक द्विवेदी, एसपी सिटी संजय कुमार, एसपी ग्रामीण संजीव बाजपेयी आदि अधिकारी मौजूद रहे।
सावधानी से करें आतिशबाजी का इस्तेमाल
तिलहर। एसडीएम राशि कृष्णा ने कहा कि दीपावली पर्व पर पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाएं। आतिशबाजी सीमित और सावधानीपूर्वक चलाएं। मंगलवार की शाम पीस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम राशि कृष्णा ने सभी को शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। सीओ बीएस वीर कुमार ने कहा कि आतिशबाजी का प्रयोग करते समय सावधानी बरतें। व्यापार मंडल अध्यक्ष हितेश गुप्ता रिंकू ने त्योहार के दौरान बाजार में नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की अपील की। इस दौरान भाजपा नेता संजय गुप्ता, नगर पालिका सभासद मोहित गुप्ता, मनोज कश्यप आदि मौजूद रहे। संवाद