एडीएम प्रशासन मुनेंद्र नाथ उपाध्याय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नगर निकायों की निर्वाचक नामावलियों के संशोधन कार्य में ढिलाई बरतने वाले एबीएसए समेत 17 शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं। वोटर लिस्टों के संशोधन कार्य की समीक्षा बैठक में डीएम ने निकाय वार कार्य की प्रगति जांची और संबंधित अधिकारियों को यह काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। एडीएम उपाध्याय ने समीक्षा में पाया कि नगर निकायों की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य में एक एबीएसए सहित 17 शिक्षक हीलाहवाली करके अपने कार्य का निस्तारण नहीं कर रहे हैं। इसे राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशों की अवहेलना मानते हुए उन्होने बीएसए राकेश कुमार को संबंधितों की सेवा पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित करने के निर्देश दिए। एडीएम ने कहा कि बृहस्पतिवार को इस कार्य की दोबारा समीक्षा की जाएगी। यदि कार्मिकों द्वारा इस कार्य में लापरवाही बरते जाने का तथ्य सामने आया तो संबंधितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।