कांट क्षेत्र में मोरपाल हत्यारोपी सगा भाई सत्यपाल और देवेंद्र। स्रोत: पुलिस विभाग
कांट। तीन बीघा जमीन के लालच में सगे भाई ने अपने दामाद के साथ मिलकर मोरपाल की गला रेतकर हत्या कर दी थी। शनिवार को पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव कादर दादपुर उर्फ लिल्थरा यादव गौटिया में मंगलवार को सुबह घर के बाहर सो रहे मोरपाल यादव उर्फ पप्पू बाबा (45) की फरसे से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मोरपाल के छोटे भाई देशराज ने कलान क्षेत्र के गांव हथिनी नगरिया निवासी आराम सिंह और इसी थाना क्षेत्र के गांव ढुकुरिहाई निवासी संजेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद जब गहनता से जांच की तो उनका शक परिजनों पर गहरा गया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो मोरपाल के सगे छोटे भाई सत्यपाल ने हत्या करने की बात कबूल कर ली।
सत्यपाल ने बताया कि कलान थाना क्षेत्र के गांव मदनपुर निवासी अपने दामाद देवेंद्र के साथ मिलकर भाई की हत्या की थी। मोरपाल की हत्या के बाद उसके हिस्से की तीन बीघा जमीन उसे मिल जाती। मोरपाल के कई महिलाओं से संबंध थे। इसलिए सत्यपाल को जमीन जाने का डर सता रहा था। उसने योजना बनाकर दामाद देवेंद्र साथ मिलकर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए रिपोर्ट आराम सिंह और संजेश के नाम दर्ज करा दी थी।
सत्यपाल ने अपनी बेटी की शादी के लिए एक लाख 30 हजार रुपये आराम सिंह के भाई विनोद से संजेश के माध्यम से उधार लिए थे। सत्यपाल ने न शादी की और न ही रुपये वापस किए थे। मोरपाल अपने भाई सत्यपाल पर रुपये वापस करने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर मोरपाल और सत्यपाल के बीच विवाद भी हुआ था। सत्यपाल ने मोरपाल की हत्या करके उसे रास्ते से हटा दिया। पुलिस ने शनिवार को सत्यपाल को सरथौली पुलिया के पास से और देवेंद्र को पुरैना के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई छुरी भी बरामद हो गई है।