एक से पांच साल तक के बच्चों का आज से शुरू हो रहा है दूसरे चरण का टीकाकरण, 2973 लगेंगे सत्र
शाहजहांपुर। एक से पांच साल तक के बच्चों को खसरा रुबेला से बचाने के लिए सोमवार से खसरा रुबेला उन्मूलन का दूसरे चरण का आगाज होगा। हर बच्चे तक पहुंच बनाने के लिए 2973 सत्र लगाकर बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अधिक बच्चों का टीकाकरण कर लाभ दिया जा सकें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि 13 से 27 फरवरी तक चलने वाले अभियान में जिले में 2973 सत्र लगाए जाएंगे। बच्चों को टीका लगाने के लिए सत्रों में 381 वैक्सीनेटरों को लगाया गया। इसी तरह 2692 आशाओं को जिम्मेदारी दी गई है। 284 सुपरवाइजर भी लगाए जाएंगे। आशाएं घर-घर जाकर दस्तक देंगी, साथ ही बच्चों को टीका लगाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खसरा और रुबेला से बच्चों को बचाने के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं।
छुट्टी वाले दिन टीकाकरण, फिर भी रुचि नहीं ले रहे शहर वाले
टीकाकरण की प्रगति रिपोर्ट ग्रामीण इलाकों में बेहतर रहती है, लेकिन शहर वाले हर बार पिछड़ जाते हैं। शहर में दस प्रतिशत हर बार टीकाकरण कम रहता है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मंथन के बाद सामने आया कि नगरीय क्षेत्र के लोग नौकरीपेशा होने के कारण छुट्टी ना मिलने के चलते टीकाकरण कराने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में रविवार को भी नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई। उसके बाद भी लोग टीकाकरण कराने से रूचि नहीं ले रहे हैं। नोडल अधिकारी पीपी श्रीवास्तव के अनुसार, सोमवार को छोड़कर शेष दिन टीकाकरण होता है। उसके बाद भी टीकाकरण की प्रगति रिपोर्ट में सुधार नहीं हुआ है।