शाहजहांपुर। राशन कार्ड का ई-केवाईसी सत्यापन कार्य शुरू होगा। परिवार के जिस सदस्य का अंगूठा ई-पॉश मशीन में नहीं लगेगा, उसकी राशन कार्ड से यूनिट काट दी जाएगी। इसके लिए शासन ने निर्देश जारी किए हैं। इसकी जिम्मेदारी जिला पूर्ति विभाग ने कोटेदार को ही सौंपी है।
जिले में वर्तमान में 5,71,077 राशन कार्ड धारक हैं। इसमें 22,28,012 उपभोक्ता हैं। जिले में वर्तमान में 1348 राशन की दुकानें हैं। वर्तमान में राशन की दुकानों पर राशन वितरण की प्रक्रिया चल रही है। विभाग की ओर से कोटेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि राशन वितरण करने के साथ ही राशन कार्ड की सभी यूनिटों का अंगूठा लगवाकर सत्यापन कर लें कि आधार कार्ड से लिंक उपभोक्ताओं का ही नाम राशनकार्ड पर चढ़ा है या नहीं।
राशनकार्ड पर चढ़े पूरे परिवार के सदस्यों का भी ई-केवाईसी के लिए अंगूठा ई-पॉश मशीन में लगाया जाएगा। अगर अंगूठा ई-पॉश मशीन पर नहीं लग रहा है तो राशन कार्ड से यूनिट कट जाएगा। इस कार्य के लिए विभाग की ओर से एक माह का समय दिया गया है। हालांकि, इतने कम समय में यह संभव नहीं लगा रहा।
कोटेदारों से यह भी कहा गया है कि राशन वितरण के समय ई-केवाईसी करने में दिक्कत हो रही है तो वह वितरण समाप्त करने के बाद इस प्रक्रिया को कराएं।
-
कोटेदार ने जताया विरोध
विभाग की ओर से निर्देश मिलने के बाद कोटेदार एसोसिएशन ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र लिखकर विरोध जताया। कहा कि वह सत्यापन और राशन वितरण का कार्य एक साथ नहीं कर सकते। एक परिवार का सत्यापन करने में कम से कम आधे घंटे का समय लगेगा। इसके बाद उस परिवार को राशन तौल कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में काफी समय लगेगा। इससे उनकी दुकान पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रहेगी। न तो सही से राशन वितरण हो पाएगा और न ही सत्यापन का कार्य हो पाएगा।
-
एक माह में ई-केवाईसी का कार्य पूरा होना है। संबंधित कोटेदारों को यह प्रक्रिया पूरी करनी है। इसमें कुछ दिक्कतें भी आएंगी। आगे शासन से जो निर्देश मिलेंगे, उस पर काम किया जाएगा।
- ओम हरि उपाध्याय, जिला पूर्ति अधिकारी