सिंधौली (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर बुजुर्ग निवासी रामसरन यादव (62) की सोमवार रात उनके पौत्र राजन यादव ने रायफल से गोली मारकर हत्या कर दी। राजन स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए उनसे रुपये मांग रहा था। इन्कार पर गुस्से में उसने दादा के पेट में गोली दाग दी और फरार हो गया। आरोपी पौत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सोमवार शाम रामसरन यादव अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। तभी उनका पौत्र राजन यादव आया और अपने दादा से स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए 80 हजार रुपये की मांग करने लगा। रामसरन ने रुपये न होने की बात कही। इससे नाराज पौत्र राजन उन्हें घर के अंदर बुलाकर ले गया। शराब के नशे में राजन ने गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद वह गुस्से में बक्से के पीछे रखी रायफल निकाल लाया और रामसरन पर निशाना साधकर गोली चला दी। गोली रामसरन के पेट में लगी। फायर की आवाज सुनकर राजन के पिता मुनेंद्र यादव दौड़कर आए। राजन रायफल फेंककर बाइक से भाग गया। गोली लगने से रामसरन की मौके पर मौत हो गई। तुरंत ही पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सिंधौली इंस्पेक्टर चंद्रकिरन राव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका-मुआयना करने के बाद अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने रायफल कब्जे में लेकर आरोपी राजन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।