राजकीय मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनवाने के लिए लगी मरीजों की लाइन। संवाद
शाहजहांपुर। दिन गर्म और रात अपेक्षाकृत ठंडी होने से लोग खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। ओपीडी में एक दिन में 190 से 200 के बीच आ रहे हैं। मलेरिया के मरीज कम हुए, लेकिन अब भी छह से सात मरीज रोजाना भर्ती हो रहे हैं।
मौसम बदलने का असर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी उम्र के लोगों पर पड़ रहा है। शनिवार को राजकीय मेडिकल में 1690 मरीजों की ओपीडी हुई। वर्तमान में अस्पताल में 400 मरीज भर्ती हैं। ओपीडी में मरीजों की लाइन देखने को मिल रही है। पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर तक को दिखाने में लोगों को आधे से एक घंटे तक का इंतजार करना पड़ रहा है।
वायरल बुखार के लक्षण
- शरीर और पैरों में दर्द होना। मुंह का जायका बदलना। छींक आना व जुकाम होना। गले में खरास होना या खांसी आना।
ऐसे करें बचाव
- भीड़ वाले स्थानों से दूर रहें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। घर से मास्क लगाकर निकलें। अधिक से अधिक पानी का सेवन करें। चिकनाई युक्त भोजन खाने से बचें।
-
मौसम बदलने की वजह से वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। इस मौसम में सावधानी रखने की जरूरत है। वायरल से पीड़ित मरीज से दूरी बनाए रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। बुखार आने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाकर जांच कराएं।
- डॉ. एमएल अग्रलवाल, वरिष्ठ फिजिशियन, राजकीय मेडिकल कॉलेज
मौसम बदलने से बुखार के मरीज बढ़ जाते हैं। बहुत अधिक मरीजों की संख्या नहीं बढ़ी है। मलेरिया के मरीजों में कमी आई है।
- डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज