शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गुर्री गांव निवासी होमगार्ड सोनपाल (50) की बाइक में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। घायल सोनपाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
सोनपाल आरसी मिशन थाने में तैनात थे। बृहस्पतिवार रात उनकी ड्यूटी थाने में एआरटीओ द्वारा खड़े कराए गए वाहनों की सुरक्षा में लगाई गई थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद सुबह आठ बजे वह घर के लिए चल दिए थे। हरदोई बाईपास स्थित रेड चिली होटल के पास वह बाइक स्टैंड में लगाकर खड़े हुए थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सोनपाल दूर जा गिरे। उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस बीच तेज रफ्तार कार भी अनियंत्रित होकर आगे जाकर रुक गई। साथ ही ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बताते हैं कि कार का अगला टायर भी फट गया।
हादसे के बाद कुछ दूरी पर तैनात होमगार्ड ओमकार व अन्य लोग दौड़ पड़े। सोनपाल को तुरंत ही राजकीय मेडिकल कॉलेज में भेजा गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। होमगार्ड सोनपाल की मौत से मां मुन्नी देवी, पत्नी छल्लन देवी, बेटे अजय सिंह, सुखवीर और सत्यम व बेटी किरन और सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में घायल महिला की मौत
तिलहर। मोहल्ला भक्सी निवासी ओंकार की 60 वर्षीय पत्नी कुसुमा देवी 22 अक्तूबर को धनतेरस की खरीदारी कराने घर से बाजार आईं थीं। इसी दौरान तिलहर में सीएचसी के सामने तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हालत गंभीर होने पर परिवारीजन उन्हें बरेली के निजी अस्पताल ले गए जहां उन्होंने इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की रात दम तोड़ दिया।