शाहजहांपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय प्रतियोगिताओं के अंतिम दिन बाधा दौड़, 80 मीटर बाधा दौड़, 100 मीटर दौड़, 5000 मीटर वॉक रेस, क्रॉस कंट्री दौड़, 100 मीटर बाधा दौड़, पोल वाल्ट आदि कराई गईं। ऊंची कूद के दौरान मैदान पर गद्दे का इंतजाम तक नहीं किया गया। इसकी वजह से खिलाड़ियों को कूदने के दौरान चोट लगने का डर बना रहा। तमाम विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों के बैठने के लिए टेंट की व्यवस्था भी नहीं की गई थी, इसकी वजह से उन्हें पेड़ की छांव के नीचे बैठकर समय बिताना पड़ा था। वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष व डीआईओएस हरिवंश कुमार का कहना है कि व्यवस्था को सुनिश्चित कराने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संबंधित से जानकारी ली जाएगी और आगे से सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।
जीआईसी व आर्य कन्या पाठशाला बनीं ओवरऑल चैंपियन
शाहजहांपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही तीन दिवसीय 78वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। अंतिम दिवस की खेल स्पर्धाओं के बाद प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि सीडीओ डॉ. अपराजिता सिनसिनवार व डीआईओएस हरिवंश कुमार ने पुरस्कृत किया।
ओवरऑल चैंपियनशिप बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज तथा बालिका वर्ग में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही। व्यक्तिगत चैंपियनशिप के तहत बालक सब जूनियर वर्ग में सहस्त्रांशु, बालिका सब जूनियर वर्ग में रंजना देवी, बालक जूनियर में अनुराग, बालिका जूनियर में राधिका, बालक सीनियर में अमित सिंह, बालिका सीनियर में गुनगुन ने पहला स्थान पाया।
विद्यालय चैंपियनशिप के बालक सब जूनियर वर्ग में पुवायां इंटर कॉलेज पुवायां, बालिका सब जूनियर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय ढकिया तिवारी, बालक जूनियर में राजकीय इंटर कॉलेज, बालिका जूनियर वर्ग में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बालक सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज, बालिका सीनियर वर्ग में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज विजेता रहा। पीटी बालक वर्ग में देवी प्रसाद इंटर कॉलेज तथा बालिका वर्ग में श्याम लाल अंगने लाल बालिका इंटर कॉलेज ने पहला स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर संयोजक प्रधानाचार्य डॉ. अमीर सिंह, अनिल कुमार, संजय कुमार मौर्य, अनिल कुमार मालवीय, दीपक दीक्षित, जगदीश प्रसाद मौर्य, अवधेश सिंह, मिहिर फिलिप्स, संजय कपूर, पूनम रानी, अनुपम मौर्य, शाहिस्ता नसीम आदि मौजूद रहे।
अंतिम दिन की प्रतियोगिताओं का परिणाम
सीनियर वर्ग में 5000 मीटर वॉक रेस के बालक वर्ग में राज कुमार, बालिका वर्ग में दुर्गा, क्रॉस कंट्री दौड़ में आयुष दीक्षित, गुनगुन, लो हर्डिल 400 मीटर बाधा में अजय पाल, दुर्गा, 110 मीटर बाधा दौड़ में अवनीश कुमार नेहा, ऊंची कूद में राधेश्याम, पोल वाल्ट में अजीत सिंह ने पहला स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग की 3000 मीटर वॉक रेस के बालक वर्ग में आदित्य व बालिका वर्ग में कावेरी, भाला फेंक में आयुष गंगवार, 100 मीटर बाधा दौड़ में रवि प्रताप सिंह व वंदना, पोल वाल्ट में विवेक सिंह, ऊंची कूद में आदित्य ने प्रथम स्थान पाया। सब जूनियर वर्ग के बालक वर्ग की ऊंची कूद में श्रवण कुमार, 80 मीटर बाधा दौड़ में सहस्त्रांशु, रंजना देवी तथा 100 मीटर दौड़ में रंजना देवी प्रथम रहीं।