डाइवर्ट रूट से वाहनों को पास कराती पुलिस। संवाद
जलालाबाद। पांचाल घाट से जल लेकर हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ कांवड़ियों के दल गोला पहुंच रहे हैं। कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर बड़े वाहनों का शुक्रवार रात से सोमवार रात तक रूट डाइवर्ट किया गया है। याकूबपुर तिराहे और बारहपत्थर के अलावा बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर बैरियर लगाकर ट्रक समेत अन्य भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा।
विभिन्न तरह के बड़े वाहनों को नगर सीमा से बाहर ही रोकने की प्रक्रिया शुक्रवार रात से ही शुरू कर दी गई। रोड पर रास्ता साफ होने पर वाहनों को एक-एक कर निकाला जाता रहा। बरेली फर्रुखाबाद हाईवे पर यह प्रक्रिया शनिवार को भी लागू रही। जलालाबाद से कांट होकर शाहजहांपुर के बरेली मोड़ तक जाने वाले मार्ग पर सरकारी बसों को छोड़कर भारी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रखा गया। सीओ अजय राय और थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी पेट्रोलिंग के जरिये सभी रूटों पर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
बरेली मोड़ चौराहे पर शहर के अंदर जाने वाले मार्ग तथा कांट मार्ग पर ऑटो तथा ई-रिक्शा कांवड़ियों के लिए बाधक बन रहे हैं। सड़क पर वाहन खड़े होने से भी कांवड़ियों को दिक्कत हो रही है। बरेली मोड़ चौराहे से कांवड़ियों के रूट पर बड़े वाहनों का प्रवेश शुक्रवार से सोमवार तक पूर्ण रूप से बंद के जाने के आदेश दिए गए हैं। इसके बावजूद वहां तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी तथा होमगार्ड बड़े वाहनों को पास करा देते हैं।