कलक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते हुए व्यापारी। स्रोत: जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। लोकसभा चुनाव में लगी आचार संहिता के तहत राजनीतिक दलों पर धन के दुरुपयोग को रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीम (एफएसटी) बनाई गई है। व्यापारियों का आरोप है कि चेकिंग के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
व्यापारियों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार को सौंपा। उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि गेहूं का सीजन और सहालग चल रहीं हैं। इस कारण थोक व्यापारियों का माल आसपास के कस्बों व देहातों में तहसीलों मे इधर-उधर जाता है। इसकी वसूली के लिए व्यापारी पेमेंट लाना और ले जाना पड़ता है।
व्यापारियों को एफएस टीम चेकिंग के नाम पर रोक लेती है और उनके पास मिली रकम को जमा करा लिया जाता है, जो बाद में काफी परेशानी के बाद मिलती है।
संगठन मांग करता है कि प्रदेश के सभी जनपदों में प्रशासन द्वारा व्यापारियों और एफएसटी की अधिकारियों के साथ बैठक कराई जाए। इसमें बताया जाए कि व्यापारी साथ में कौन सा प्रपत्र लेकर चलें। इससे असुविधा न हो। इस दौरान जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ, जिला महामंत्री नाजिम खान, कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता, नगर महामंत्री अतुल गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मुकेश गुप्ता आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।