कोलाघाट पुल पर लगे जाम में फंसे वाहन चालक। संवाद
मिर्जापुर। गुरु पूर्णिमा पर रविवार को पर्व स्नान के लिए ढाई घाट गंगा तट आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को कोलाघाट पुल पर घंटों जाम से जूझना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत करके जाम खुलवाया।
कोलाघाट के पक्के पुल पर केवल दो पहिया वाहनों का संचालन हो रहा है। चार पहिया वाहनों का यातायात प्रतिबंधित होने से इन वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पुल के दोनों तरफ चार जगहों पर भारी पत्थर रख दिए गए गए। वहां एक बार में केवल एक बाइक निकलने का रास्ता छोड़ा गया है। रविवार को सुबह से लोग पर्व स्नान को निकलना शुरू हुए तो पुल केे दोनों ओर बाइक सवारों की भीड़ से जाम लगने लगा। सुबह करीब छह बजे दो घंटे के लिए जाम लगा। सूर्योदय के बाद तेज धूप निकली तो जाम मे फंसे श्रद्धालु पसीने से तरबतर होने लगे। जाम में फंसकर महिलाएं और बच्चे बहुत परेशान हुए। सुबह लगभग आठ बजे पुलिस मौके पर पहुंची तो जाम खुला। संवाद