शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा की कॉपियों में परीक्षार्थियों ने भावनात्मक अपील लिखी हुई है, जो मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों को पढ़ने को मिल रही है। इसके साथ ही 50 से लेकर 200 रुपये के नोट भी कॉपियों से निकल रहे हैं।
मूल्यांकन का कार्य जिले के छह केंद्रों पर बुधवार को भी जारी रहा। राजकीय इंटर कॉलेज के मूल्यांकन केंद्र पर गणित की उत्तर पुस्तिका पर छात्रा ने लिखा कि गुरुजी अपना आशीर्वाद बनाते हुए पास कर देना...घर की स्थिति अधिक खराब है। फेल हुए तो पढ़ाई बंद करवा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त दसवीं के एक छात्र ने अपने मन की पीड़ा को उत्तर पुस्तिका में लिखा है।
कॉपी में दो पेज अलग से लगाए गए थे, जो उत्तर पुस्तिका के नहीं हैं। सवाल उठ रहा है कि अलग पेज केंद्र के अंदर तक कैसे पहुंचे। जबकि, चेकिंग के बाद ही छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिलता है।
-
985 परीक्षक सेंटरों से नदारद, रफ्तार सुस्त
-मूल्यांकन सेंटरों पर शत-प्रतिशत परीक्षकों के नहीं आने से कॉपियाें की जांच तेजी से नहीं हो पा रही है। 985 परीक्षक बुधवार को भी नहीं पहुंचे। उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इतनी कॉपियां जांचीं गईं
शहर के जीआईसी, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, इस्लामिया कॉलेज, एसपी कॉलेज, स्वामी धर्मानंद सरस्वती कॉलेज और एबी रिच कॉलेज में मूल्यांकन कार्य चल रहा है। बुधवार को दसवीं की 35253 और इंटरमीडियट 23658 कापियों जांची गईं। इसके अतिरिक्त 1871 में 1166 परीक्षक सेंटर पर नहीं पहुंचे।
परीक्षकों को नोटिस जारी किए
-मूल्यांकन के कार्य में लापरवाही करने वाले परीक्षकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। 50 से कम कापियां लेने वाले चार परीक्षकों को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
-हरिवंश कुमार, डीआईओएस