शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार दोपहर विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते एक्सरे एवं अल्ट्रासाउंड कराने आए मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे बाद आपूर्ति बहाल होने पर कार्य किया जा सका।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते एक्सरे एवं अल्ट्रासाउंड का कार्य बंद हो गया। चूंकि एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड मशीनें लोड अधिक लेती हैं, जनरेटर से इनका चलना संभव नहीं है। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ से मरीजों ने इसकी शिकायत की। विद्युत निगम से पता चला कि 33 केवी लाइन में पेड़ की छंटाई का कार्य चल रहा है। इसी वजह से शटडाउन लिया गया है। स्वास्थ्य कर्मियों के बार-बार अनुरोध के बाद करीब डेढ़ घंटे के बाद दोपहर डेढ़ बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी।
प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को 24 घंटे आपूर्ति के संबंध में बिजली अफसरों को कई बार पत्र भेजा जा चुका है। एक विद्युत लाइन 33 केवी से सीधे जिला अस्पताल को विद्युत आपूर्ति के लिए डाली गई थी। इस संबंध में मंडल स्तरीय अधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा। वहीं अब्दुल्लागंज विद्युत वितरण उपखंड के अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि 33 केवी लाइन पर पेड़ आ जाने के चलते छंटाई का कार्य चल रहा था। इसी वजह से शटडाउन लेना पड़ा। बड़ा फाल्ट आने पर ही जिला अस्पताल की आपूर्ति रोकी जाती है।