शाहजहांपुर। नगर निगम के वार्ड नंबर 10 खिरनीबाग की इंदिरानगर कॉलोनी में खाली प्लॉटों में पड़ा कूड़ा सोमवार को हटवा दिया गया। प्लॉटों में कूड़े के ढेर और नालियां टूटी होने की सोमवार को अमर उजाला में प्रमुखता से खबर छपने के बाद नगर निगम हरकत में आया।
सोमवार सुबह ही नगर निगम के सफाईकर्मी इंदिरानगर कॉलोनी में महापौर अर्चना वर्मा के आवास से सटी गली में स्थित प्लॉट पर पहुंचे। यहां काफी समय से कूड़ा एकत्र हो रहा था। सफाईकर्मियों ने प्लॉट से कूड़ा हटा दिया। इसके साथ ही कॉलोनी के लोगों से खाली प्लॉटों में कूड़ा न डालने की अपील भी की। हालांकि कॉलोनी में कई प्लॉटों में अब भी कूड़ा डाला जा रहा है, जहां सफाई नहीं हुई है। इसके साथ ही टूटी नालियों और सड़कों की मरम्मत का कार्य होना भी बाकी है।
खिरनीबाग वार्ड की पार्षद सोनी मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को पूरे वार्ड में अभियान चलाकर सफाई का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही जिनके प्लॉट खाली पड़े हैं, उनको नोटिस जारी कर प्लॉट की बाउंड्री कराने के लिए चेताया जाएगा। ऐसे लोगों की निगरानी की भी योजना बनाई जाएगी, जो खाली प्लॉट में कूड़ा डालते हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई होगी। पूरे वार्ड में जगह-जगह कूड़ेदान रखवाए जाएंगे। फिलहाल घर-घर कूड़ा उठान करवाया जा रहा है। इस संबंध में बात करने के लिए महापौर अर्चना वर्मा से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।