शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के कैंट क्षेत्र से गैंगस्टर एक्ट के आरोपी धर्मवीर उर्फ कल्लू और उनके साले दानवीर के अपहरण की कहानी उलझती जा रही है। उनकी बरामदगी के लिए शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने कलक्ट्रेट में धरना देकर बरामदगी की मांग की। पुलिस ने परिवार से दो दिन का समय मांगा है।
बुधवार को धर्मवीर उर्फ कल्लू और दानवीर कचहरी में मुकदमे की तारीख पर आए थे। उनके साथ में धर्मवीर की पत्नी राजकुमारी भी थीं। राजकुमारी ने बताया कि तारीख के बाद तीनों बाइक से रोजा के गांव में जा रहे थे। रास्ते में कैंट क्षेत्र में कार में सवार कुछ लोग आए और धर्मवीर व दानवीर को कार में डालकर ले गए। धर्मवीर की बाइक भी कार सवार लेकर चला गया। राजकुमारी ने सदर थाने में जाकर दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि यहां तहरीर लेने से इन्कार कर दिया। पीड़िता ने एसपी सिटी से मुलाकात कर एसओजी पर पति और भाई को हिरासत में लेने का आरोप लगाया। सुनवाई नहीं होने पर शुक्रवार को राजकुमारी अपने परिवार की महिलाओं के साथ कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गई। एसओजी प्रभारी रीतेंद्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया। आश्वस्त किया कि उनकी टीम ने हिरासत में नहीं लिया। उच्च अधिकारियों ने दो दिन का समय मांगा है। राजकुमारी ने बताया कि उनके पति को पुलिस ने हिरासत में नहीं लिया तो उनकी बरामदगी के लिए प्रयास किए जाएं। धरना देने वालों में दीपा, नीलम, शांति, आरती, शीतल, क्षमा आदि शामिल रहीं।
पड़ोसी जिलों से भी साधा संपर्क
-दानवीर व धर्मवीर को कार में उठाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने पड़ोसी जिलों में भी संपर्क साधा। धर्मवीर पर पूर्व से 16 मुकदमे चल रहे हैं। उसके ऊपर गैंगस्टर भी एक साल पहले लगाई गई थी। संभावना थी कि पड़ोसी जिले की पुलिस उसे उठाकर ले गई होगी। दूसरे जिलों से भी इन्कार कर दिया गया।
-एसओजी ने दोनों को हिरासत में नहीं लिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई। तलाश के लिए टीम भी गठित कर ली गई है।
सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी
-