मिष्ठान भंडार में नमूना लेते खाद्य सुरक्षा एंव औषिधि विभाग के अधिकारी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। दीपावली से पहले बृहस्पतिवार को खाद्य विभाग की दो टीमों ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 11 नमूनों को सील किया है। कारखानों पर दुकानों पर अव्यवस्था मिलने पर अधिकारियों ने सुधार के निर्देश दिए। सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
जिला अभिहीत अधिकारी विजय वर्मा के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने न्यू बालाजी स्वीट्स एंड बेकरी के कारखाने का निरीक्षण किया। कारखाने में कारीगर बिना एप्रेन के कार्य करते हुए मिले। टीम ने वर्कयुक्त बर्फी का नमूना लिया। सदर चौराहा स्थित बालाजी मिष्ठान भंडार के कारखाने में रंगीन वर्कयुक्त बर्फी में अधिक रंग मिला होने की आशंका के चलते सैंपल लिया गया।
इसके बाद टाउन हॉल स्थित आर्य मिष्ठान भंडार से पीली लौज व राजभोग का नमूना लिया। टीम को दोनों में कलर की मात्रा अधिक लग रही थी। इसके बाद टाउन हॉल स्थित पिज्जा-99 से पनीर का नमूना लिया। टीम के सदस्यों ने फ्रिज में एक दिन पहले के रखे मोमोज को नष्ट कराया। लाल इमली चौराहा स्थित गायत्री मिष्ठान भंडार से वर्कयुक्त बर्फी का नमूना सीज किया।
एल्मूनियम का वर्क लगा होने के कारण पांच किलो बर्फी को नष्ट भी कराया गया। इसके बाद शक्ति मिष्ठान भंडार से छेना रसगुल्ला का नमूना लिया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने मिर्जापुर स्थित शिव ढाबे से तीन पनीर के सैंपल लिए हैं। इसी तरह कलान में परौर रोड पर किराने की दुकान से चेरी का नमूना सील किया है।