शाहजहांपुर। हरदोई चौराहे से शाहबाद बाईपास तक फोरलेन के सुधार और उन्नयन के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 947.74 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी है। उनके ट्वीट को पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने शेयर भी किया है। बजट स्वीकृत होने के बाद नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआई) जल्द काम शुरू कर देगी।
लखनऊ से हरदोई-शाहजहांपुर होते हुए पलिया तक नेशनल हाईवे-731 घोषित है। इसका पहला भाग शाहजहांपुर तक बन चुका है। अब शाहजहांपुर के पैना बिजली केंद्र के पास बाईपास से पलिया तक लगभग 90 किमी हाईवे बनना है। अब पहले चरण में शाहजहांपुर से खुटार तक लगभग 48.75 किमी हाईवे बनाया जाना है। दूसरे चरण में खुटार से पलिया तक फोरलेन का काम होगा। फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है। एनएच-731 के शाहजहांपुर- पलिया 48.75 किमी हिस्से पर 529 करोड़ रुपये की लागत से काम कराया जाएगा। शुक्रवार को नितिन गडकरी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर और हरदोई जिलों में एनएच-731 के शाहजहांपुर बाईपास की शुरुआत से शाहबाद बाईपास की शुरुआत तक मौजूदा सड़क के फोरलेन में सुधार एवं उन्नयन के लिए 947.74 करोड़ रुपये की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।