फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: दो दिन से लगी पुवायां पुलिस की चार टीमें, नहीं मिल रहे आरोपी

Sat, 24 Aug 2024 03:51 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
पुवायां में सीओ से वार्ता करते श्रवण कुमार के परिजन। संवाद
विज्ञापन
पुवायां। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के आश्वासन के बाद परिजनों ने शुक्रवार दोपहर श्रवण कुमार शुक्ला का अंतिम संस्कार कर दिया। जिस नामजद बालेंद्र दीक्षित को पुलिस ने थाने से छोड़ दिया था, वह और उसका साथी विनय कुमार अब पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। दो दिन से पुलिस की चार टीमें लगी हैं, लेकिन एक भी आरोपी नहीं पकड़ा जा सका है।
विज्ञापन

श्रवण कुमार ने आठ जुलाई को तिलहर क्षेत्र में स्थित अपनी दो बीघा जमीन गांव नाहिल के बालेंद्र दीक्षित को बेची थी। श्रवण कुमार का आराेप था कि बालेंद्र ने बाद में रुपये देने की बात कही थी, लेकिन वह रुपये नहीं दे रहा था। 11 अगस्त को श्रवण ने पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। 19 अगस्त को दूसरी तहरीर देने पर भी पुलिस टालमटोल करती रही और 21 अगस्त को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पंचायत कराती रही। रुपये नहीं मिलने पर श्रवण ने थाने से जाकर जहर खा लिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
श्रवण के जहर खा लेने की जानकारी होने पर पुलिस ने बालेंद्र को थाने में ही रोक लिया, लेकिन देर रात उसे छोड़ दिया गया था। श्रवण कुमार के पुत्र मृत्युंजय शुक्ला ने बालेंद्र और विनय कुमार के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। 22 अगस्त को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया था।
विज्ञापन

शुक्रवार को परिजन सीओ पंकज पंत से मिले। सीओ ने आश्वासन दिया कि टीमें लगी हैं, जल्द ही आरोपी जेल भेजे जाएंगे। इसके बाद परिजनों ने श्रवण का अंतिम संस्कार कर दिया। आरोपियों की तलाश में चार पुलिस टीमें लगी हैं, लेकिन आरोपी गायब हैं और उनके मोबाइल भी नहीं लग रहे हैं।

- सीओ को सौंपा सुसाइड नोट
परिजनों ने शुक्रवार को सीओ पंकज पंत से मिलकर श्रवण कुमार का सुसाइड नोट सौंपा। परिजनों ने सीओ को बताया कि सुसाइड नोट के अनुसार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। एक आरोपी आर्थिक रूप से काफी संपन्न है, इस कारण उन लोगों काे उससे ज्यादा खतरा है। सीओ ने कहा कि सुसाइड नोट को विवेचना में शामिल किया जाएगा और आरोपी जल्द ही पकड़ लिए जांएगे।
- राजीनामे का भी चल रहा प्रयास
शुक्रवार को एक आरोपी के रिश्तेदारों ने गांव जेबा में कुछ लोगों से संपर्क कर मामले में राजीनामा कराने का भी प्रयास किया। पुवायां में एक दुकान पर दिनभर पीड़ित पक्ष से बातचीत का प्रयास किया जाता रहा, लेकिन अंतिम संस्कार आदि के बाद पीड़ित पक्ष ने किसी से बात नहीं की। कुछ लोगों ने पीड़ित के रिश्तेदारों से भी संपर्क किया है।

- विसरा किया गया सुरक्षित
श्रवण कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस वजह से विसरा सुरक्षित किया गया है। विसरा की जांच के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। सीओ पंकज पंत ने बताया कि शुक्रवार को परिजन मिले थे। समझाने पर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। विसरा रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण पता लग सकेगा। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें