ताहिर के खिलाफ हत्या, डकैती के चार-चार, हत्या के प्रयास के सात, गैंगस्टर एक्ट समेत 21 मुकदमे पंजीकृत है। उसके बेटे दानिश के खिलाफ भी गोकशी, चोरी, मारपीट व गैंगस्टर समेत दस मुकदमे व शानू पर 11 केस पंजीकृत हैं। ताहिर पूर्व में कटरी से संचालित डकैतों के गिरोह के संपर्क में रहकर शातिर अपराधी बन गया था।
जेल जाने के बाद बेटों ने बनाया था नया गिरोह
एसपी एस.आनंद के अनुसार, ताहिर के जेल में जाने के बाद उसके बेटे दानिश और शानू ने नया गिरोह बनाकर अपराध करना शुरू कर दिया था। 28 फरवरी की रात कांट के सिमरिया सहसपुर में दानिश ने जलालुद्दीन नाम के व्यक्ति को गोली मारी। दानिश वर्तमान में जेल में बंद है। गिरोह का संपर्क बरेली व दिल्ली के अपराधियों से है। इनके साथ मिलकर ये लोग दिल्ली, बरेली, शाहजहांपुर व अन्य जगहों पर चोरी, वाहन चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं।
घर के बाहर अहाते में काटते थे चोरी के वाहन
पुलिस की पूछताछ में तथ्य सामने आया कि गिरोह के सदस्य अन्य प्रदेशों से चोरी के वाहन लाकर अपने घर के आहते में वाहन के टुकड़े करते थे। उसके बाद कबाड़ी को बेच देते थे, जिससे कबाड़ी को वाहन का पार्ट चोरी का होने का शक न हो।
चीनी मिल प्रबंधक ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
रोजा शुगर वर्कर्स के प्रबंधक करणी सिंह ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 12 दिसंबर 2022 को मोहन पर स्थापित कांटे की जांच में 50 किलो के 19 व 20 किलो के दो नग गायब मिले थे। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया था।