शाहजहांपुर। सिंधौली क्षेत्र में मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट के मामले में अदालत ने चार आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है।
मामला गांव मूड़ा हारिस का है। 15 अक्तूबर 2020 को राजेंद्र ने नन्हें उर्फ नन्हेलाल, मनसुख, विजेंद्र कुमार और राजपाल के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने छह गवाह पेश किए। हालांकि, अदालत ने गवाहों के बयानों में विरोधाभास और मेडिकल रिपोर्ट से जुड़े तथ्यों में अंतर पाया। साथ ही घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए गए दो गवाहों को अभियोजन पक्ष ने ही गवाही से मुक्त करा दिया था। अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर सका। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट आशीष वर्मा ने नन्हेंलाल उर्फ नन्हे, मनसुख, विजेंद्र कुमार और राजपाल को आरोपों से दोषमुक्त कर दिया। संवाद