संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। फर्रुखाबाद रोड पर ठिंगरी गांव की पुलिया के पास बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में मिर्जापुर थाना क्षेत्र के सिंघहा यूसुफपुर निवासी पूर्व प्रधान 50 वर्षीय मुनीश दीक्षित समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मुनीश ने दम तोड़ दिया। मुनीश कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित के भतीजे थे।
मुनीश के पुत्र प्रियांक रघुवीर दयाल इंटर कॉलेज में कक्षा दस के छात्र हैं। बृहस्पतिवार से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षा में उनका सेंटर स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज अल्हागंज में है। मुनीश बेटे को अल्हागंज ले जाने के लिए बाइक से निकले थे। बुधवार करीब ढाई बजे फर्रुखाबाद रोड पर थाना अल्हागंज क्षेत्र के गांव ठिंगरी के पास हाईवे स्थित पुलिया पर उनकी बाइक सामने से दूसरी बाइक से भिड़ गई।
हादसे में मुनीश को गंभीर चोटें आई, जबकि बेटा प्रियांक बच गया। दूसरी बाइक पर सवार शाहजहांपुर निवासी रोहन और कार्तिकेय भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद लाया गया। जहां हालत गंभीर होने के बाद डॉक्टर ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां पूर्व प्रधान मुनीश दीक्षित की मौत हो गई।
हादसे की खबर मिली तो बिलख पड़े परिजन
- मुनीश की मौत के बाद पत्नी पूर्व प्रधान संगीता दीक्षित, मां पूर्व प्रधान कृपा कुमारी दीक्षित, बेटे प्रियांशु व प्रियांक, बेटी प्रियांशी व बड़े भाई अवनीश दीक्षित बिलख पड़े। शाहजहांपुर से कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित व उनके पुत्र अभिषेक दीक्षित ने पहुंचकर परिजनों को संभाला।
-
डेढ़ साल में परिवार में दूसरी मौत
- दीक्षित परिवार को डेढ़ साल में यह दूसरा जख्म मिला है। मुनीश के छोटे भाई नवनीत दीक्षित की डेढ़ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह मिर्जापुर से शाहजहांपुर आने के लिए निकले थे। बुधवार को हुए हादसे के बाद परिवार के सदस्य काफी गमजदा हैं।