स्कूल जाने के लिए तैयार होते समय पांच सगे भाई-बहन बेहोश होकर गिर गए। इससे परिवार में खलबली मच गई। तुरंत बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने बच्चों को वायरल फीवर से पीड़ित बताया। इलाज के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया है। गांव आंवा दुगैया निवासी विनोद कुमार के पांच बच्चे 12 वर्षीय आदेश, 10 वर्षीय मुस्कान, आठ वर्षीय खुशबू, छह वर्षीय सूरज और चार वर्षीय मोनी मंगलवार को स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। अचानक आदेश को चक्कर आने की शिकायत हुई और फिर वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घरवालों ने उसे संभाला, लेकिन इसी बीच खुशबू और मुस्कान भी बेहोश होकर गिर गईं। उन्हें संभाला जाता तब तक मोनी और सूरज भी चक्कर आने, गला सूखने की शिकायत करते हुए चारपाई पर गिर पड़े। इससे परिवार में खलबली मच गई। शोर शराबा होने पर गांव के भी लोग जमा हो गए। परिवार के लोग बच्चों को सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने चेक किया तो बच्चों को 105 डिग्री बुखार था। विनोद के मुताबिक, बच्चों को तीन दिन से बुखार आ रहा है। मंगलवार सुबह स्कूल जाने की जिद करने पर जब उन्हें तैयार किया जा रहा था तभी उनकी हालत खराब हो गई। दोपहर बाद बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टर ने बच्चों को आराम करने की सलाह दी है।