भावलखेड़ा। गांव रौसर कोठी में दुकान के बाहर फायरिंग के आरोपियाें से सख्ती से नहीं निपटे जाने से उनके हौसले बढ़ गए। घटना के 24 घंटे के बाद दोबारा से फायर कर पुलिस को चुनौती दे दी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी है।
रौसरकोठी निवासी अर्जुन राना ने बताया कि 29 अप्रैल को दोपहर करीब दो बजे उसका भाई नकुल व देव बुलेट बाइक से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। रास्ते में निशांत वर्मा, आकाश, मोहन अवस्थी व चार अन्य लोगों ने घेर गाली-गलौज करने लगे। पुलिस के आने पर आरोपी मौके से भाग गए। शाम करीब पांच बजे सात-आठ लोग दुकान पर आए और ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए तोड़फोड़ की।
पुलिस ने निशांत वर्मा, आकाश, निखिल निवासी गांव रौसरकोठी व मोहन अवस्थी निवासी गांव गुंवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास, हमला करने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस आरोपियाें तक नहीं पहुंच सकी है। घटना को हल्के में लेने के चलते मंगलवार को दोपहर तीन बजे अर्जुन राना की दुकान से थोड़ा आगे बढ़कर बाइक सवार तीन युवक चेहरे पर गमछा बांधकर आए और फायर कर भाग गए। इससे वहां भगदड़ मच गई। इंस्पेक्टर चंद्रप्रकाश शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही हैं।