शाहजहांपुर। प्राॅपर्टी के विवाद में साउथ सिटी के सामने फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने दो नामजद समेत तीन-चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौक कोेतवाली क्षेत्र में साउथ सिटी के सामने रहने वाले मुकेश कुमार का मोहल्ला हुंडालखेल में रहने वाले सौरभ गुप्ता और गौरव गुप्ता से विवाद चल रहा था। मुकेश के मुताबिक सोमवार रात करीब 10 बजे सौरभ, गौरव अपने तीन चार अन्य साथियों के साथ उनके मकान के पास पहुंचे और विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह भागकर उसने अपनी जान बचाई। घटना की सूचना पर सीओ सिटी सौम्या पांडेय, प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के पहुंचने से पहले चोर भाग गए। पुलिस ने मंगलवार शाम को मुकेश की तहरीर पर सौरभ गुप्ता और गौरव गुप्ता व तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अज्ञात लोगों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।