नवदिया ओरीलाल में आग से नुकसान की जानकारी लेते लेखपाल। संवाद
खुटार। गांव नवदिया ओरीलाल में रविवार को दिन में 11 बजे गैस सिलिंडर लीक होने से घर में आग लग गई, जिससे नकदी और घरेलू सामान जल गया। लेखपाल ने नुकसान का आंकलन किया है।
गांव के राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रविवार सुबह ही मैलानी की गैस एजेंसी की गाड़ी से दो सिलिंडर लिए थे। एक सिलिंडर लगाया गया था। उनकी पत्नी सुनीता देवी ने चाय बनाने के लिए जैसे ही गैस चूल्हा चलाया, पास में रखे सिलिंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। राजेंद्र ने पत्नी सुनीता और बच्चों को घर से निकाला और गांव के लोगों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया, लेकिन इस बीच घर का तमाम सामान जल चुका था।
राजेंद्र और उनका पुत्र सब्जी का कारोबार करते हैं। शनिवार को साप्ताहिक बाजार से सब्जी बेचकर घर में रखे 70 हजार रुपये, अनाज सहित सारा सामान राख हो गया। सूचना देने के बाद भी गैस एजेंसी से कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। लेखपाल अतुलेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया है। लेखपाल ने बताया कि रिपोर्ट तहसील प्रशासन को देकर मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।