खुटार में खेतों में लगी आग बुझाते किसान
- फोटो : AMAR UJALA
खुटार (शाहजहांपुर)। हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से तीन किसानों की 12 बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। किसानों ने मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
खुटार के मोहल्ला देवस्थान निवासी रामकुमार श्रीवास्तव, गुड्डू मिश्रा, सुनील श्रीवास्तव के खेत गोला बाईपास रोड के पास हैं। पड़ोस में ही मुख्त्यार सिंह के खेत से हाईटेंशन बिजली लाइन निकली है। शनिवार दोपहर बिजली लाइन से निकली चिंगारी से मुख्त्यार सिंह के खेत में खड़ी गेहूं की नरई में आग लग गई। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे किसानों ने खेतों की जुताई करने के साथ ही पावर स्प्रे से पानी की बौछार कर बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान रामकुमार श्रीवास्तव का पुत्र विमल श्रीवास्तव मामूली रूप से झुलस गया। आग से रामकुमार का तीन बीघा, गुड्डू का तीन बीघा और सुनील का पांच बीघा गेहूं जल गया है। नगर पंचायत चेयरमैन अनुपम शुक्ला ने किसानों को मदद का भरोसा दिलाया है। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पाया जा सका था।
- नलकूप की लाइन से भी हो सकता है हादसा:
खुटार के बिजली उप केंद्र से हाईंटेंशन लाइन जंगल के पास हिंमचलपुर में सरकारी नलकूप तक जाती है। यह लाइन अत्यंत जर्जर हो चुकी है और आए दिन तार टूट कर खेतों में गिरते रहते हैं। किसान रामाधार तिवारी आदि ने बताया कि बिजली उप केंद्र पर कई बार सूचना देने के बाद भी समाधान नहीं कराया जा रहा है, जिससे वह लोग बेहद परेशान हैं।