शाहजहांपुर। बहादुरगंज विद्युत उपकेंद्र के डॉन एंड डोना स्कूल वाली गली में रखे 100 केवी के ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग के कारण आग लग गई। बिजलीकर्मियों ने पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस बीच करीब छह सौ घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
शनिवार शाम करीब चार बजे ओवरलोडिंग के कारण 100 केवी का ट्रांसफार्मर गर्म होकर जल उठा। सूचना आने पर बिजली कर्मचारी पहुंचे व बालू डालकर आग बुझाई। कर्मियों के जल्दी पहुंचने से ऊपर रखा 100 केवी का दूसरा ट्रांसफार्मर आग की चपेट में आने से बच गया। इस दौरान करीब छह सौ घरों की बिजली बाधित रही। जिसके चलते लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।