मीरानपुर कटरा में आग को बुझाते दमकल यूनिट के जवान। स्रोत: जागरुक पाठक
मीरानपुर कटरा। खुदागंज मार्ग पर स्थित सनराइज बायोफ्यूल ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में शनिवार की रात शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। अग्निकांड में गोदाम में गन्ने की मैली से तैयार करीब छह लाख रुपये का औद्योगिक ईंधन जलकर नष्ट हो गया। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया।
खुदागंज मार्ग पर गांव सालपुर नवदिया में स्थित यह कंपनी गन्ने की मैली से ईंधन वाले ब्रैकेट बनाती है। यह ब्रैकेट कारखानों में टरबाइन चलाने के लिए बॉयलर गर्म करने में ईंधन के तौर पर प्रयोग किए जाते हैं। गोदाम में लाखों रुपये मूल्य के तैयार ब्रैकेट रखे थे। शनिवार की रात करीब 8:30 बजे शार्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। इसकी जानकारी कंपनी के कर्मचारियाें को उस वक्त हुई जब गोदाम में भड़की आग से ऊंची लपटें उठने लगीं। इससे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। दमकल कर्मचारियों ने सबसे पहले गोदाम की विद्युत आपूर्ति बंद की। बाद में कड़ी मशक्कत करके गोदाम में लगी आग पर काबू पाया। कंपनी के संचालक सज्जन खां ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लगभग 800 क्विंटल गन्ने की मैली से तैयार ब्रैकेट जलकर नष्ट हो गए। इनका बाजार मूल्य लगभग छह लाख रुपये है।