शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दिव्यांगजन समिति दिव्यांग बंधु समिति एवं यूनिक आईडी कार्ड के संबंध में समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के साथ किसी भी प्रकार का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रोडवेज बसों में दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक स्थान दिया जाए। दुर्व्यवहार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों के यूनिक आईडी कार्ड तत्काल जारी किए जाएं। बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में कुल 5234 दिव्यांग बच्चे पढ़ रहे हैं। 78 दृष्टिबाधित बालकों को ब्रेल पुस्तकें प्रदान की जा चुकी हैं। डीएम ने डीएसओ को निर्देशित किया कि वह दिव्यांगजनों के राशन कार्ड प्राथमिकता के आधार पर जारी करें। डीपीआरओ से कहा कि दिव्यांग शौचालय और रैंप इत्यादि की व्यवस्था प्रत्येक बूथ पर करवाएं। लीड बैंक के अधिकारी से दिव्यांगजनों को ऋण प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।