पुवायां। कोर्ट के आदेश पर पुवायां के सब-रजिस्ट्रार सहित दस लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन पर जमीन का फर्जी दान का बैनामा कराने का आरोप है।
खुटार के गांव जसवंतनगर निवासी विजयपाल के अनुसार गाटा संख्या 67 और गाटा संख्या 141 की जमीन उनके और भाई सत्यपाल के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जिसे षड्यंत्र के तहत गांव के ही लालाराम की पत्नी कैलाशा, भगवानदास, त्रिलोकी, रामलखन, मंशाराम ने गांव नरौठा देवीदास निवासी भगवानदास और गांव छापाबोझी के बसरूद्दीन की पत्नी नजमुननिशा के पक्ष में 22 जुलाई 2023 को दानपत्र की रजिस्ट्री कर दी।
गांव छापाबोझी के गयासुद्दीन और रियाजुद्दीन ने सब रजिस्ट्रार से मिलकर दानपत्र को रजिस्टर्ड कराया है। जमीन उनके और सत्यपाल के नाम दर्ज होने के कारण आरोपियों को दानपत्र रजिस्टर्ड करने का अधिकार नहीं था। उनकी जमीन हड़पने की नीयत से सब रजिस्ट्रार से मिलकर दानपत्र रजिस्टर्ड किया गया है, क्योंकि बैनामे के समय सब रजिस्ट्रार सभी दस्तावेज देखते हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
एसपी को पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुवायां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मुझ पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मुझे गलत फंसाया गया है। जांच में सच सामने आ जाएगा।
शैलेंद्र कुमार, सब रजिस्ट्रार पुवायां