भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के हरदोई बाइपास चौराहे पर दिल्ली रूट पर चलने वाली प्राइवेट बस में दो मूंगफली विक्रेताओं के चढ़ने को लेकर बस कंडक्टर से विवाद हो गया। चौराहे पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी लोगों ने अभद्रता की। बृहस्पतिवार को थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र हरदोई बाइपास चौराहे पर शाम चार बजे दिल्ली रूट पर चलने वाली एक निजी बस आकर रुकी। उसमें रमाकांत निवासी ताहवरगंज थाना रामचंद्र मिशन तथा थाना कांट क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी मनजीत मूंगफली बेचने के लिए बस में चढ़े। तभी कंडक्टर नदीम निवासी मेरठ से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में चौराहे पर मारपीट होने लगी। सूचना पर एसआई कैलाश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। आरोप है कि मारपीट कर रहे लोगों ने पुलिस से अभद्रता कर दी। तब पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मनजीत, रमाकांत और नदीम को थाने ले आई। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि तीनों को थाने लाया गया है। दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही है। संवाद