शाहजहांपुर की शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खाली पड़ी डॉक्टर की कुर्सी। संवाद
शाहजहांपुर। सीएमओ कार्यालय के परिसर में स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जली कोठी में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में समय से पहले ही महिला डॉक्टर चली गईं। इसके बाद स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने मरीजों को दवाएं दीं। जैतीपुर की पीएचसी खेड़ा रठ में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर तक लगा नहीं लगा।
प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला लगाने को लेकर सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं। फिर भी मेले में अव्यवस्थाएं खत्म नहीं हो रही हैं। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जली कोठी में सवा एक बजे डॉक्टर का चैंबर खाली था। पर्चा बनवाने वाला कर्मचारी भी सीट पर नहीं मिला। काफी तलाश करने पर वह बाहर रैबीज इंजेक्शन लगने वाले रूम में बैठे मिले। डॉक्टर के नहीं होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता ही दवा देते नजर आए। पूछने पर बताया कि डॉक्टर आई थीं, लेकिन वह चली गईं। समय से पहले जाने के सवाल पर वह जवाब नहीं दे सके।
जैतीपुर की पीएचसी खेड़ा रठ में जन आरोग्य मेले का निरीक्षण करने डिप्टी सीएमओ डॉ. आसिफ पहुंचे। उन्हें डॉ. आशीष व आशा नहीं मिलीं। उन्होंने एमओआईसी को दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मेले में आयुष्मान कार्ड बनाने का स्टाल भी नहीं मिला। कार्ड को फार्मासिस्ट अपने मोबाइल से बनाते मिले। गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी नहीं मिल रही थी। उन्होंने सुधार के लिए निर्देशित किया है।
आरोग्य मेले में 28 मरीजों का उपचार
-कांट क्षेत्र की कुर्रिया कलां पीएचसी में रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 28 मरीजों का उपचार कर दवाई दी गईं। मेले में त्वचा के चार, एनीमिया के दो, बुखार के पांच, डायबिटीज का एक मरीज आए।मरीजों की खून की जांच भी की गई।
-
अर्बन कोऑर्डिनेटर को मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में लापरवाही करने वाले संबंधित का जवाब तलब किया जाएगा।
डॉ.आरके गौतम, सीएमओ
शाहजहांपुर की शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खाली पड़ी डॉक्टर की कुर्सी। संवाद