थाना आरसी मिशन क्षेत्र में हरदोई रोड पर गांव कनेंग के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिवार वाले बगैर पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ घर ले गए। हरदोई के शाहबाद क्षेत्र के गांव सिकंदपुर निवासी नन्हें बाइक पर अपनी बहन 55 वर्षीय मुन्नी देवी को दवाई दिलाने शाहजहांपुर आए थे। यहां से घर लौटते समय हरदोई रोड पर गांव कनेंग के पास नन्हे की बाइक के सामने एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में नन्हे की बाइक फिसलकर गिर गई। इसमें बाइक पर बैठी मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मृतका के परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोग बगैर पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले गए। नन्हें ने बताया कि उनकी बहन को कई साल पहले उनके पति महेश ने छोड़ दिया था। इससे मुन्नी देवी अपने मायके में रह रहीं थीं।