लखीमपुर खीरी। ऑनलाइन कारोबार को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। इसको लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को एफडीए का पुतला जलाकर आक्रोश जताया।
व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन कारोबार से व्यापार प्रभावित है। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विनोद मिश्र ने बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के कारण व्यापार प्रभावित है। लोग ऑनलाइन खरीद को बढ़ावा दे रहे हैं।
सौंपे गए ज्ञापन में ऑनलाइन ट्रेडिंग पर जीएसटी के अतिरिक्त 20 प्रतिशत विकास कर लागू करने, ऑनलाइन ट्रेडिंग के व्यापार के लिए पंजीकरण देना बंद करने, एफडीआई पर अंकुश लगाने जैसी प्रमुख मांगे शामिल हैं। पुतला फूंकते समय व्यापारियों में विनोद मिश्र, अशोक गुप्त, अजय गोयल, अमित मिश्र, राजू अग्रवाल, अभिजात मिश्र, प्रकाश गुप्त, शरद मेहरोत्रा इन्दू, मीनू गुप्ता, रश्मि महेंद्रा आदि व्यापारी शामिल रहे।
धौरहरा। ऑनलाइन ट्रेडिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुडे़ नगर इकाई धौरहरा के व्यापारियों ने तहसीलदार धौरहरा आदित्य विशाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इससे देश के सात करोड़ व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। उनकी आजीविका बंद हो रही है। ज्ञापन देने वाले लोगों में सिप्पू निगम, महामंत्री आनंद साहू, और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।