शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी के गांव मानेपारा निवासी अंकुल पांडेय (25) की बाइक में लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गुर्री के पास मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अंकुल व उनके सात वर्षीय पुत्र पीयूष की मौत हो गई।
अंकुल पांडेय डीएससीएल चीनी मिल, अजबापुर, मोहम्मदी में वेल्डर थे। उनकी बहन कंचन रोजा थाना क्षेत्र के गांव सिमरई में रहती हैं। गांव में अच्छा स्कूल न होने के कारण अंकुल ने बेटे पीयूष को सिमरई गांव में बहन के घर भेजा था। कंचन ने जुलाई में उसका एनसी में प्रवेश कराया था। बताते हैं कि पीयूष के आधार कार्ड की जरूरत पड़ने पर अंकुल शुक्रवार को बहन के घर आए थे। खाना खाने के बाद पीयूष को लेकर अंकुल बाइक से गांव लौट रहे थे। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर करीब ढाई बजे गुर्री गांव के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पिता-पुत्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भेजा। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई अतुल पांडेय ने रोजा थाने में मिनी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ तहरीर दी है।
पिता-पुत्र की मौत से परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
अंकुल की शादी 2014 में हरदोई जिले के गांव गौंटिया निवासी मोनी से हुई थी। दंपती अपने बेटे पीयूष को खूब पढ़ाना चाहते थे। इसलिए रोजा के स्कूल में उसका प्रवेश कराया था। उनका परिवार एक झटके में बिखर गया। पति व बेटे की मौत से मोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके आंसू नहीं थम रहे हैं। वहीं अंकुल की मां अंजू देवी भी बदहवास हैं।
दो बाइकों की भिड़ंत में पिता-पुत्र घायल
तिलहर। शनिवार को तिलहर-निगोही मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर में पिता-पुत्र घायल हो गए। दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव डभौरा निवासी साबिर (55) अपने बेटे राशिद (25) के साथ बाइक से निगोही जा रहे थे। गांव रटी के समीप सामने से आ रहे बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।