तिलहर (शाहजहांपुर)। मंडी परिसर में खेतिहर किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंडी सचिव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की तो माहौल गरमा गया। सीओ-एसडीएम से झड़प हो गई। हाथापाई की नौबत आई तो अफसर सख्त हो गए तब किसान नेता साथियों के साथ चले गए। देर शाम किसान नेता समेत करीब 40 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
मंगलवार दोपहर एक बजे खेतिहर किसान मजदूर संगठन अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर सिंह चौहान कार्यकर्ताओं के साथ मंडी परिसर में धरने में बैठ गए। सूचना पर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा पहुंचे और किसान नेता से बात की। किसान नेता ने कहा कि वह पिछली मांगों पर यहां पंचायत करने आए हैं। बाद में एसडीएम को ज्ञापन देंगे। लगभग ढाई बजे सुधीर चौहान कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां पूजा के बाद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यूनियन कार्यकर्ता किसी कीमत पर मंदिर को यहां से नहीं हटने देंगे।
लगभग तीन बजे कार्यकर्ता वापस मंडी में एकत्र हो गए। यूनियन नेता ने एसडीएम को ज्ञापन लेने बुलाया। जब एसडीएम राशि कृष्णा, सीओ बीएस वीरकुमार और थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के साथ ज्ञापन लेने पहुंचीं तो चौहान ने वहां मौजूद मंडी सचिव जगदीश प्रसाद पर अभद्र टिप्पणी कर दी। आपत्ति जताते हुए एसडीएम ने सलीके से बात करने के लिए कहा। सुधीर ने कहा कि वह कई बार ज्ञापन दे चुके हैं फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। अभी समाधान चाहिए। सीओ ने जब समझाने का प्रयास किया तब वह सीओ से भी अभद्रता करने लगे। थाना प्रभारी राजकुमार से जमकर नोकझोंक हुई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। बमुश्किल सीओ ने मामले को संभाला। सीओ ने भी यूनियन नेता को जमकर खरीखोटी सुनाई। लगभग डेढ़ घंटे नोकझोंक के बाद एसडीएम ने किसान नेता पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए ज्ञापन लेने से मना कर दिया।
मंगलवार देर शाम मंडी सचिव की तहरीर और एसडीएम के निर्देश पर सुधीर सिंह चौहान और यूनियन कार्यकर्ता प्रिंस सहित करीब 40 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सचिव जगदीश प्रसाद वर्मा का आरोप है कि चौहान ने मंडी परिसर में हंगामा किया और सरकारी कार्य में बाधा डालकर अधिकारियों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई। सीओ ने बताया कि धारा 147, 148, 504, 506, 358 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पिछले वर्ष भी धान खरीद के दौरान मंडी में हंगामा करने पर सुधीर चौहान के खिलाफ रिपोर्ट की गई थी।